Edited By Purnima Singh,Updated: 21 Apr, 2026 05:20 PM

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बाजार से पुलिस की संवेदनहीनता का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र में तैनात एक दारोगा पर आरोप है कि उसने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग को मामूली शक के आधार पर बेरहमी से पीट...
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बाजार से पुलिस की संवेदनहीनता का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र में तैनात एक दारोगा पर आरोप है कि उसने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग को मामूली शक के आधार पर बेरहमी से पीट दिया। जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की गई।
मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्चे पर एसआई की बर्बरता
पीड़ित नाबालिग विकास कुमार के पिता गौतम कुमार बनकटी बाजार में गन्ने के जूस का ठेला लगाते हैं। परिजनों के मुताबिक विकास मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है। घटना के समय वह ठेले पर बैठा था, तभी वहां पहुंचे एसआई शैलेंद्र सिंह ने अपनी बाइक पर थूक मिलने के शक में बच्चे से पूछताछ की।
शक में गाली-गलौज और मारपीट
आरोप है कि बाइक पर पान की पीक देख एसआई ने विकास पर शक जताया। बच्चे के अनभिज्ञता जताने के बावजूद दारोगा ने उसके साथ गाली-गलौज की और कथित तौर पर मारपीट की। इतना ही नहीं, उससे अपनी बाइक भी साफ करवाई। इस पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश
वीडियो में बच्चा रोते हुए पूरी आपबीती बता रहा है। इस घटना से बच्चा सहम गया और गहरे सदमे में है। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
एसपी ने आरोपी को किया लाइन हाजिर
मामला सामने आने के बाद एसपी यशवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआई शैलेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। डिप्टी एसपी कुलदीप यादव ने बताया कि आरोपी का व्यवहार विभागीय नियमों के खिलाफ है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।