Edited By Ramkesh,Updated: 10 Aug, 2026 08:20 PM
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में बारिश सीमित रही। राज्य में एक जून से 10 अगस्त तक कुल 341.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य 430.9...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में बारिश सीमित रही। राज्य में एक जून से 10 अगस्त तक कुल 341.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य 430.9 मिलीमीटर के मुकाबले 21 प्रतिशत कम है। सोमवार को राज्य में औसतन 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा 7.4 मिलीमीटर के मुकाबले यह 53 प्रतिशत कम रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसतन 5.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य 7.4 मिलीमीटर के मुकाबले 22 प्रतिशत कम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में औसत वर्षा 1.8 मिलीमीटर रही, जो सामान्य 7.5 मिलीमीटर की तुलना में 76 प्रतिशत कम है।
सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर में सर्वाधिक 138.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सहारनपुर में 27.6 मिलीमीटर, महोबा में 18 मिलीमीटर, गौतमबुद्धनगर में आठ मिलीमीटर, जालौन में 5.8 मिलीमीटर, झांसी में पांच मिलीमीटर और औरैया में 2.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। ललितपुर में 70.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस दिन की सामान्य वर्षा 9.3 मिलीमीटर के मुकाबले 659 प्रतिशत अधिक है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को सुलतानपुर में 5.8 मिलीमीटर, चित्रकूट में 19.3 मिलीमीटर, प्रयागराज में 9.7 मिलीमीटर, कौशांबी में 8.8 मिलीमीटर, कानपुर नगर में तीन मिलीमीटर, हरदोई में 3.9 मिलीमीटर और बांदा में 4.5 मिलीमीटर बारिश हुई। एक जून से 10 अगस्त तक के संचयी आंकड़ों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ में सर्वाधिक 670.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य 382.6 मिलीमीटर के मुकाबले 75 प्रतिशत अधिक है।
मुजफ्फरनगर में 653.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 66 प्रतिशत अधिक है, जबकि संभल में 642.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य से 67 प्रतिशत अधिक है। सहारनपुर में अब तक 340 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य 460.8 मिलीमीटर से 26 प्रतिशत कम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब तक सबसे अधिक बारिश गोरखपुर में 549.4 मिलीमीटर दर्ज हुई है, जबकि महाराजगंज में 526.2, मिर्जापुर में 517.6, बहराइच में 512.9 और चित्रकूट में 485.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। चित्रकूट में संचयी वर्षा सामान्य से सात प्रतिशत अधिक और मिर्जापुर में दो प्रतिशत अधिक है। इसके विपरीत कुछ जिलों में मानसूनी वर्षा सामान्य से काफी कम रही है।
जौनपुर में एक जून से अब तक केवल 130.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 400.5 मिलीमीटर से 67 प्रतिशत कम है। देवरिया में 132 मिलीमीटर, कुशीनगर में 151.1 मिलीमीटर, मऊ में 165 मिलीमीटर, फतेहपुर में 184.6 मिलीमीटर और रायबरेली में 127.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पीलीभीत में 129 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 501 मिलीमीटर के मुकाबले 74 प्रतिशत कम है। गाजियाबाद में 123 मिलीमीटर, शामली में 125.6 मिलीमीटर और अमरोहा में 213.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। राजधानी में सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे के बीच 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 88 और न्यूनतम 75 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान सामान्यत: बादल छाए रहने तथा बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 35 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
राज्य के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। लखीमपुर खीरी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, फतेहपुर में 36.2, बस्ती में 36, उरई में 35.2, अयोध्या में 35 और वाराणसी बीएचयू में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई।