Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Jun, 2018 08:40 AM
उत्तर-पूर्व रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन मुगलसराय जंक्शन कभी मुगलों के सराय नाम से प्रसिद्ध था, लेकिन अब इस जंक्शन की पहचान बदल चुकी है। अब इसका नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया है।
नई दिल्ली\लखनऊ: उत्तर-पूर्व रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन मुगलसराय जंक्शन कभी मुगलों के सराय नाम से प्रसिद्ध था, लेकिन अब इस जंक्शन की पहचान बदल चुकी है। अब इसका नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया है। गृह विभाग से अनापत्ति मिलने के बाद राज्यपाल राम नाईक ने सोमवार को नाम बदलने की अनुमति दे दी। जिसके बाद इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह मुगलसराय यूपी के चंदौली जिले के अंतर्गत आता है।
जानकारी के अनुसार रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है कि नागरिकों की मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मुगलसराय जंक्शन का नाम परिवर्तित कर पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया, मुझे खुशी है कि अंत्योदय जैसा महान विचार देने वाले पं. दीन दयाल जी के नाम से अब यह जंक्शन जाना जाएगा।
फिलहाल मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलने को लेकर लोगों में मिली जुली प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों का कहना था कि यह देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मस्थली रही है। लिहाजा इस स्टेशन का नाम उनके ही नाम पर रखा जाना चाहिए था। कुछ लोगों ने नाम बदले जाने को लेकर खुशी भी व्यक्त की है।