Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 May, 2023 03:01 PM

गैंगस्टर मामले में सजा मिलने के बाद आज मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) और उसके बेटे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग (Money Launderin) मामले में आरोप तय होना है। दोनों पर पैसों का गलग ट्रांजेक्शन का आरोप है। मनी लॉन्ड्रिंग (Money Launderin) मामले में 2021...
लखनऊ(अश्वनी सिंह): गैंगस्टर मामले में सजा मिलने के बाद आज मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) और उसके बेटे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग (Money Launderin) मामले में आरोप तय होना है। दोनों पर पैसों का गलत ट्रांजेक्शन का आरोप है। मनी लॉन्ड्रिंग (Money Launderin) मामले में 2021 में मुख्तार पर मुकदमा दर्ज (FIR) हुआ था और इसी मामले में बेटा अब्बास (Abbas Ansari) जेल में बंद है। दरअसल पिछले साल मुकदमा दर्ज होने के बाद ईडी (ED) ने मुख्तार के कई ठिकानों पर छापेमारी (Raid) की थी। जिसमें ईडी को कई अहम दस्तावेज मिले थे। छापेमारी में मुख्तार और उसके परिवार के बाकी सदस्यों के खिलाफ भी कई अहम सबूत मिले।
ईडी की जांच में विकास कंस्ट्रक्शन और आगाज़ कंस्ट्रक्शन का नाम आया सामने
मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की जांच में विकास कंस्ट्रक्शन और आगाज़ कंस्ट्रक्शन का नाम सामने आया था। विकास कंस्ट्रक्शन मुख्तार के परिवार की मुखौटा कंपनी है तो वही आगाज़ मुख्तार के ससुराल पक्ष की। सूत्रों के मुताबिक ईडी की जांच में ये बात सामने आई कि विकास कंस्ट्रक्शन और आगाज़ कंस्ट्रक्शन मुख़्तार और उसके गैंग के पैसों को ब्लैक से व्हाइट करने का जरिया है। विकास कंस्ट्रक्शन से करोड़ों रुपए का लेनदेन मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी और उसकी पत्नी के खातों में हुआ है। साथ ही मुख्तार के साले सरजील के खातों से भी लेनदेन का पता चला है।

ईडी ने 2021 में मुख्तार अंसारी के खिलाफ दर्ज किया था मनी लॉन्ड्रिंग का केस
गौरतलब है कि ईडी ने 2021 में मुख्तार अंसारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था, तब ईडी की टीम ने जेल जाकर मुख्तार का बयान लिया था। साल 2022 में ईडी ने मुख्तार के सांसद भाई अफजाल अंसारी और परिवार के कई दूसरे सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया था। मुख्तार के परिवार की कंपनी विकास कंस्ट्रक्शन और ससुराल की कंपनी आगाज कंस्ट्रक्शन से जुड़े लोगों को भी बयान दर्ज कराने के लिए ईडी के प्रयागराज दफ्तर में बुलाया गया था जिसके बाद ईडी ने पिछले साल मुख्तार के विधायक बेटे अब्बास अंसारी और साले आतिफ रज़ा उर्फ सरजील को गिरफ्तार कर कोर्ट की अनुमति से उन्हें दो हफ्ते अपनी कस्टडी में रखकर पूछताछ की थी।

विकास कंट्रक्शन मुख्तार अंसारी की मुखौटा कंपनी: सूत्र
सूत्रों के अनुसार विकास कंट्रक्शन मुख्तार अंसारी की मुखौटा कंपनी है। इसके नाम पर मुख्तार के परिजन और उसके करीबी आपराधिक गतिविधियों से अर्जित होने वाले धन को सफेद करने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। ईडी की पूछताछ में अब्बास और सरजील ईडी के कई सवालों का जवाब नहीं दे सके थे। जिससे यह शक जाहिर हो गया था कि विकास कंस्ट्रक्शन मात्र काले धन को सफेद करने का एक माध्यम है। हालांकि विकास कंस्ट्रक्शन के पीछे की भी एक कहानी है।

कुछ साल पहले मुख्तार और उसके गुर्गों ने धमकी देकर कंपनी हड़प ली विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी
दरअसल रवींद्र, मंसूर आलम और वैश खान ने आरोप लगाया था कि विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी उन्होंने बनाई थी लेकिन कुछ साल पहले मुख्तार और उसके गुर्गों ने धमकी देकर कंपनी हड़प ली। मुख्तार के साले सरजील रजा ने कंपनी में घुसपैठ कर संस्थापक सदस्यों को बाहर कर दिया लेकिन कागजात उन्हीं के नाम पर था। धीरे-धीरे विकास कंस्ट्रक्शन मुख्तार की पत्नी आफशा अंसारी और साले सरजील रजा के नाम हो गई। बाकी सदस्य सिर्फ नाम के रह गए। कुछ सदस्यों ने मुख्तार के डर से पहले ही कंपनी से दूरी बना ली थी।