Edited By Mamta Yadav,Updated: 09 Nov, 2025 08:20 PM

गाजीपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब दाह संस्कार में शामिल होने आए तीन युवक गंगा नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में गंगा की तेज धार में बह गए। देर रात तक प्रशासन और ग्रामीणों ने उनकी...
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब दाह संस्कार में शामिल होने आए तीन युवक गंगा नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में गंगा की तेज धार में बह गए। देर रात तक प्रशासन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश जारी रखी, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
यह हादसा कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज कस्बे के युवकों के साथ हुआ। मृतक महेंद्र जायसवाल के दाह संस्कार के बाद उनके परिजन और ग्रामीण गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इस दौरान 18 से 20 वर्ष की उम्र के तीन युवक आदित्य, कुंदन और मंडोल पानी में उतर गए। अचानक एक युवक गहरे पानी में फंस गया, और बाकी दो उसे बचाने के लिए कूद पड़े, लेकिन तीनों ही गंगा की धार में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दाह संस्कार में शामिल लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया, मगर रात तक भी तीनों युवकों का पता नहीं चल सका।
एसडीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को सूचना दे दी गई है और सोमवार सुबह तक उनके पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने युवकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।