शाही जामा मस्जिद में मांस फेकने वाले मामले में प्रदर्शनकारियों पर एक्शन, 60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Edited By Purnima Singh,Updated: 12 Apr, 2025 04:30 PM

case filed against 60 people who protested outside jama masjid on friday

उत्तर प्रदेश के आगरा की पुलिस ने शुक्रवार को मस्जिद परिसर से पशु मांस बरामद होने के बाद जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन करने वाले करीब 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है........

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा की पुलिस ने शुक्रवार को मस्जिद परिसर से पशु मांस बरामद होने के बाद जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन करने वाले करीब 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (शहर) सोनम कुमार ने शनिवार को बताया, "मस्जिद के अंदर मांस का टुकड़ा रखने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, जामा मस्जिद के बाहर उपद्रव करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। प्रदर्शन में शामिल होने वाले करीब 60 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।'' 

जुमे की नमाज से पहले इलाके में था तनाव 
यह घटना बृहस्पतिवार देर रात तब हुई जब शहर के मंटोला इलाके में स्थित जामा मस्जिद के अंदर कथित तौर पर नजरुद्दीन नाम के व्यक्ति ने पशु मांस से भरा एक पैकेट रखा लेकिन यह मामला शुक्रवार सुबह सामने आया, जिससे जुमे की नमाज से पहले इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में नजरुद्दीन को स्कूटी पर मस्जिद में आते और जाने से पहले परिसर के अंदर पैकेट रखते हुए देखा गया। मामले की जांच और इलाके की सुरक्षा के लिए 100 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई थी। मांस को जब्त कर लिया गया और जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
उन्होंने बताया कि इस कृत्य में इस्तेमाल की गई स्कूटी को स्थानीय मांस की दुकान के सामने देखा गया। दुकानदार से पूछताछ के बाद उन्हें आगरा के टीला नंदराम इलाके के रहने वाले आरोपी नजरुद्दीन का पता चला। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसने अकेले ऐसा किया या उसके साथ कोई और था। अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "हम इस कृत्य के पीछे की मंशा और इस बात की जांच कर रहे हैं कि इसमें और लोग शामिल थे या नहीं।" 

लोगों ने की आरोपी के लिए मौत की सज़ा की मांग 
शुक्रवार की नमाज़ के तुरंत बाद, लोगों का एक समूह मस्जिद के बाहर इकट्ठा हो गया और आरोपी के लिए मौत की सज़ा की मांग करने लगा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालात के मद्देनजर जामा मस्जिद और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाके में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने निवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!