तालाब खोदते समय भरभराकर ढ‍हा मिट्टी का टीला, मां-बेटी समेत 3 महिलाएं जिंदा दफन; मृतकों के परिजनों को मीली 4-4 लाख सहायता राशि

Edited By Purnima Singh,Updated: 04 May, 2026 12:02 PM

3 people die after being buried in soil in kaushambi

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर क्षेत्र में रविवार सुबह घर की पुताई के लिए तालाब में मिट्टी खोदने गईं मां-बेटी समेत तीन लोगों की मिट्टी खिसकने से मलबे में दब कर मौत हो गयी तथा दो अन्य महिलाएं घायल हो गयीं। जिला प्रशासन ने इस हादसे के 12 घंटे...

कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर क्षेत्र में रविवार सुबह घर की पुताई के लिए तालाब में मिट्टी खोदने गईं मां-बेटी समेत तीन लोगों की मिट्टी खिसकने से मलबे में दब कर मौत हो गयी तथा दो अन्य महिलाएं घायल हो गयीं। जिला प्रशासन ने इस हादसे के 12 घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता राशि वितरित कर दी। 

खोदाई के समय मिट्टी खिसकने से गईं 3 जानें 
पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के थांबा गांव निवासी गीता देवी (35) उसकी बेटी अंकिता (छह), उत्तरा देवी (45), जितिया देवी तथा फुलिया आज सुबह पुताई करने के लिये गांव के बाहर एक तालाब से मिट्टी खोदने गई थीं। उन्होंने बताया कि मिट्टी खोदते समय अचानक ऊपर से मिट्टी खिसकने से एक बड़ा ढेर उनके ऊपर गिर गया जिसमें वे सभी दब गयीं। उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला लेकिन तब तक गीता देवी (35), उसकी बेटी अंकिता (छह) और उत्तरा देवी (45) की मौत हो चुकी थी। 

12 घंटे के अंदर मृतकों के परिजनों को दी गई 4-4 लाख सहायता राशि 
सिंह ने बताया कि हादसे में घायल जितिया देवी व फुलिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं। जिला प्रशासन ने मिट्टी धंसने से हुए हादसे के 12 घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता राशि वितरित कर दी। जिला प्रशासन ने तीनों मृतकों के वारिसों के बैंक खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपदा की स्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ा है। भविष्य में भी ऐसी घटनाओं में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जताया दुख 
 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।" मौर्य ने पोस्ट में कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!" 

घटना अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद- ब्रजेश पाठक 
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "जनपद कौशांबी के मंझनपुर (थाभां गांव) में मिट्टी का टीला ढहने से हुई जनहानि की अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद सूचना प्राप्त हुई। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।" पाठक ने कहा, "प्रभु श्रीहरि जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।ॐ शांति!" 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!