Edited By Anil Kapoor,Updated: 11 Sep, 2026 07:42 AM

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद के धरने के बाद पुलिस ने गोण्डा जिले के परसपुर क्षेत्र में व्यवसायी विनोद साहनी हत्याकांड के मामले में नामजद 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक अभिषेक...
Gonda News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद के धरने के बाद पुलिस ने गोण्डा जिले के परसपुर क्षेत्र में व्यवसायी विनोद साहनी हत्याकांड के मामले में नामजद 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने परसपुर थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार देर रात बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र के रेकसडिया गांव निवासी विनोद साहनी (35) गत बुधवार को अपनी बर्तन की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनके द्वारा कथित रूप से की गई विवादित पोस्ट से क्षुब्ध कुछ लोगों ने रंजिश के चलते रास्ते में उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें:- 4 बाइकों से आए 10 हमलावर, बर्तन व्यापारी की पीट-पीटकर ले ली जान... 2 गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह को निलंबित किया गया है।
इस बीच लखनऊ में घटना को लेकर मंत्री संजय निषाद बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी के साथ मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी अथवा एनकाउंटर की मांग की और गोण्डा एसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी भी दी। मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर निशाना साधा है।