उन्नाव में राष्ट्रगान के बीच मंच छोड़कर रवाना हुए सतीश महाना? वीडियो वायरल होने पर दी सफाई

Edited By Ramkesh,Updated: 23 Aug, 2026 06:04 PM

satish mahana left the stage during the national anthem in unnao he clarified a

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद हो गया, जिसमें वह उन्नाव में कथित रूप से राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम से जाते हुए दिख रहे हैं। महाना ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि जिस जगह उन्हें 'गार्ड...

उन्नाव: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद हो गया, जिसमें वह उन्नाव में कथित रूप से राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम से जाते हुए दिख रहे हैं। महाना ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि जिस जगह उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया था। वायरल वीडियो में महाना को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद राष्ट्रगान सुनाई दे रहा है। इस दौरान महाना तिरंगे को सलामी देकर हाथ जोड़ते हैं और मंच से उतरकर कार में बैठकर वहां से रवाना होते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज के आस्था सभागार का बताया जा रहा है, जहां महाना शनिवार को प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन एवं शैक्षिक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। महाना ने प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की और कहा कि शिक्षण संस्थान देश के विकास की नींव हैं और संस्थानों के मजबूत होने से देश मजबूत होगा। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। उन्नाव जिला कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष ने प्रोटोकॉल के तहत 'गार्ड ऑफ ऑनर' लिया और राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले गए। 

उन्होंने सवाल किया, ''क्या यह राष्ट्रगान का अपमान नहीं है?'' दूसरी ओर, कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि जिस स्थान पर महाना मौजूद थे, राष्ट्रगान वहां से काफी दूरी पर चलाया गया था। वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर महाना ने बताया कि जिस जगह उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया था। महाना ने कहा, "जिस जगह मुझे गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया। जब किसी मेहमान वीआईपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है, तो तय नियमों के अनुसार राष्ट्रगान नहीं बजाया जाता।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान कार्यक्रम स्थल पर बजाया गया था, लेकिन वह उस जगह पर नहीं थे जहां वह बजाया जा रहा था। इस मामले को लेकर खुद पर सवाल उठाने वालों से महाना ने कहा, " जब किसी कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रगान बज रहा होता है तब क्या वहां से गुजरते समय हर कोई रुककर सावधान की मुद्रा में खड़ा हो जाता है?

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!