Edited By Anil Kapoor,Updated: 07 Apr, 2026 09:24 AM

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर सनसनी फैला दी है। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र में एक क्लिनिक संचालक का शव बरामद हुआ है, जिसे न केवल गोली मारी गई,...
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर सनसनी फैला दी है। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र में एक क्लिनिक संचालक का शव बरामद हुआ है, जिसे न केवल गोली मारी गई, बल्कि उसकी पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया।
शाम को निकला था डॉक्टर, नहर के पास मिला शव
मृतक की पहचान डॉक्टर शाहरुख के रूप में हुई है। शाहरुख नर्सल घाट का निवासी था और धमेड़ा अड्डे पर अपना क्लिनिक चलाता था। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर शाहरुख की हत्या मंडी चौकी के अंतर्गत भाईपुरा गांव के पास एक बंबे (नहर) के पास की गई। जब स्थानीय लोगों ने लहूलुहान शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे देखकर हर कोई दहल उठा।
सोची-समझी साजिश का शक
पुलिस की शुरुआती जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्याकांड (planned murder) है। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनका मकसद न केवल जान लेना था, बल्कि शव की पहचान को भी पूरी तरह मिटाना था।
परिजनों ने लगाया नामजद आरोप
डॉक्टर शाहरुख की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस का क्या है कहना?
देहात कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्यारों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी और आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।