Edited By Anil Kapoor,Updated: 27 May, 2025 11:43 AM

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक शादी के दौरान बड़ी घटना हुई। जहां शादी के दिन ही दुल्हन ने रिश्ता तोड़ दिया क्योंकि उसे पता चला कि दूल्हा संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) नौकरी करता है, जबकि लड़के वालों ने बताया था कि वह सरकारी नौकरी .....
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक शादी के दौरान बड़ी घटना हुई। जहां शादी के दिन ही दुल्हन ने रिश्ता तोड़ दिया क्योंकि उसे पता चला कि दूल्हा संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) नौकरी करता है, जबकि लड़के वालों ने बताया था कि वह सरकारी नौकरी करता है।
शादी की तैयारियां और टीका समारोह
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह शादी जालौन के उरई थाना क्षेत्र के आकाश दीप और कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम उकुरुवा की लड़की किरन (सरिता) के बीच तय हुई थी। आकाश दीप डकैती कोर्ट में संविदा लिपिक के पद पर काम करते हैं। 25 मई को उनकी शादी का टीका हुआ था। लड़की पक्ष के लोग भी पहले से गेस्ट हाउस में आ चुके थे और सारे कार्यक्रम खुशी-खुशी चल रहे थे।
जयमाला के बाद हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि शादी के दिन वाली रात लगभग 9 बजे आकाश दीप बारात लेकर गेस्ट हाउस पहुंचे। बारात में गाने बज रहे थे और लोग नाच-गाना कर रहे थे। टीका और द्वारचार की रस्म पूरी हुई। इसके बाद जयमाला भी हो गई। लेकिन तभी लड़की वालों को पता चला कि आकाश दीप संविदा नौकरी करते हैं, ना कि सरकारी नौकरी। जब यह बात दुल्हन किरन तक पहुंची, तो वह नाराज हो गई और बोली कि लड़के वालों ने झूठ बोला है। इसलिए वह शादी नहीं करना चाहती। इस बात पर दोनों पक्षों में काफी हंगामा हुआ।
पुलिस में रिपोर्ट और शादी टूटना
इस घटना के बाद सोमवार को आकाश दीप कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने शिकायत का पत्र मांगा, लेकिन लड़का पक्ष ने शिकायत पत्र पुलिस को नहीं दिया। शाम तक लड़का और लड़की पक्ष कोतवाली में आपस में समझौता करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मामला नहीं सुलझा। अंत में बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। शादी टूटने की वजह लड़के की संविदा नौकरी का सच छुपाना और लड़की पक्ष का इससे नाराज होना बताया जा रहा है।