Edited By Anil Kapoor,Updated: 07 Jul, 2026 06:48 AM

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और उनसे अयोध्या चढ़ावा मामले में कथित तौर पर उन्हें रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव से जोड़ने वाले सोशल मीडिया पोस्ट को 10 मिनट के भीतर....
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और उनसे अयोध्या चढ़ावा मामले में कथित तौर पर उन्हें रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव से जोड़ने वाले सोशल मीडिया पोस्ट को 10 मिनट के भीतर हटाने को कहा। पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दुबे के आरोपों को निराधार बताया और चेतावनी दी कि अगर पोस्ट को तुरंत नहीं हटाया गया तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
'10 मिनट में पोस्ट हटाएं या FIR झेलें'
यादव ने कहा कि सार्वजनिक-सार्वभौमिक वैधानिक चेतावनी! जितना सत्ता पक्ष के सांसद का विशेषाधिकार होता है, उतना ही विशेषाधिकार विपक्ष के सांसद का भी होता है। पुरुषोत्तम प्रभु राम जी की मर्यादा एवं सामाजिक शालीनता, सभ्यता और संसदीय परंपरा का मान रखते हुए हम भाजपा सांसद को 10 मिनट का समय देते हैं कि वह इस झूठे ट्वीट-पोस्ट को हटा दें, अन्यथा उनके खिलाफ तत्काल नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि साथ ही यह चेतावनी उन सबको भी है जिन्होंने यह झूठ फैलाया है, वो भी सोशल मीडिया पर तुरंत डिलीट करें और सार्वजनिक माफी मांगें या कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
'PDA को कलंकित करने की साजिश'
यादव ने कहा कि अन्य लोग भी ऐसे पोस्ट हटा दें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें या कानूनी कार्रवाई का सामना करने को तैयार रहें। उन्होंने कहा कि वे याद रखें भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं, जब सालों-साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ेंगे तो कोई संगी-साथी भी बचाने नहीं आएगा। जो भगवान के नहीं हुए वो इंसान के क्या होंगे। यादव ने आरोप लगाया कि पीडीए समाज को कलंकित व अपमानित करने के लिए भाजपाई और उनके संगी-साथी ये कुत्सित झूठ प्रचारित-प्रसारित कर रहे हैं। पीडीए समाज एकजुट होकर इसका जवाब देगा। उन्होंने कहा कि चढ़ावा-चंदा-दान चोरों का गिरोह जनाक्रोश के डर से अब अपने घरों में दुबका बैठा है और षड्यंत्र कर रहा है। अगर मुखबिरों के वंशजों में सत्य का साहस है तो अपने परंपरागत भूमिगत-सुरंगी निवास से बाहर आकर अयोध्यावासियों के सामने सरयू का जल हाथ में उठाकर ये बात कहें।
'BJP सांसद के टीपू-टिन्नू वाले पोस्ट पर बवाल'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण विश्व के रामभक्त संज्ञान लें- दुनिया भर के सनातनी संज्ञान लें- अयोध्या के पूज्य साधु-संत संज्ञान लें- माननीय सर्वोच्च न्यायालय संज्ञान ले- माननीय लोकसभा अध्यक्ष संज्ञान लें- उप्र-अयोध्या के नागरिक संज्ञान लें- समस्त पीडीए समाज संज्ञान ले। भाजपा सांसद दुबे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था कि टिन्नू टीपू से ही तो बात कर रहा था? इसके साथ ही अयोध्या दान गबन के आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव तथा अखिलेश यादव की एक तस्वीर भी साझा की गई थी।