Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Oct, 2026 09:17 AM

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास मुकदमे दर्ज करने के अलावा कोई काम नहीं है। सपा प्रमुख लखनऊ के नदवा कॉलेज के प्राचार्य...
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास मुकदमे दर्ज करने के अलावा कोई काम नहीं है। सपा प्रमुख लखनऊ के नदवा कॉलेज के प्राचार्य मौलाना सईद-उर-रहमान आजमी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
यादव ने इस मौके पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दिल्ली में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस के पास एफआईआर दर्ज करने के अलावा कोई काम नहीं है। यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी दलों के विभिन्न नेताओं के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
यादव ने देश के प्रमुख इस्लामी शिक्षण संस्थानों में शुमार नदवा कॉलेज के प्राचार्य आजमी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'एक्स' पर कहा कि लखनऊ के नदवा कॉलेज के प्रिंसिपल, हरदिल अज़ीज़ मौलाना सईद-उर-रहमान आज़मी साहब की हम सबके बीच से हमेशा के लिए रुख़सती की ख़बर बेहद ग़मगीन करने वाली है। ऐसा लग रहा है जैसे हमारे अपनेपन के अंजुमन से एक इंसाफ़-पसंद, बेहद नेक इंसान हमेशा के लिए कहीं चला गया हो। ख़िराज-ए-अक़ीदत!''