Edited By Pooja Gill,Updated: 09 Dec, 2024 11:10 AM
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। दिनभर हल्की ठंडी हवा ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया...
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। दिनभर हल्की ठंडी हवा ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ और प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही रात और सुबह के समय हल्का कोहरा भी छा सकता है।
प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है। खासतौर पर चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बरेली और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसी बीच मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सुबह और रात के समय वाहन चलाते वक्त फॉग लाइट का उपयोग करें और ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
शीतलहर का दिखेगा प्रकोप
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और बिजनौर में ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। शनिवार की रात को तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली, जिसके कारण ठिठुरन और बढ़ गई। देर शाम तेज हवाओं के साथ बरसात भी हुई, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई। बिजनौर में पाला पड़ने से खेतों में सफेद चादर बिछी हुई नजर आई। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आगामी बुधवार से शुक्रवार के बीच शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट आई है, जो स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है। इस मौसम में लोगों को अपनी दिनचर्या और पहनावे में सतर्कता बरतने की जरूरत है।