Edited By Pooja Gill,Updated: 18 Dec, 2022 01:49 PM

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने है। यहां पर थाना कमला नगर के बल्केश्वर में रहने वाला एक परिवार 3 साल से एक विदेशी तोते को पाल रहा था। तोते को पालते-पालते परिवार को उससे बहुत लगाव हो गया...
आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने है। यहां पर थाना कमला नगर के बल्केश्वर में रहने वाला एक परिवार 3 साल से एक विदेशी तोते को पाल रहा था। तोते को पालते-पालते परिवार को उससे बहुत लगाव हो गया था और वो उसे अपने परिवार का हिस्सा ही समझने लगे थे। फिर शनिवार को एक युवक अचानक घर आया और अपने-आप को तोते का मालिक बता कर तोते को वापस मांगने लगा, लेकिन परिवार वालों ने तोता देने से इनकार कर दिया। जिसके चलते दोनों पक्षों में विवाद हो गया और यह मामला पुलिस तक पहुंच गया। फिर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।
बता दें कि एक परिवार 3 साल से एक तोते को पाल रहा था, लेकिन शनिवार को अचानक वो युवक आ गया, जिससे उन्होंने तोते को खरीदा था। उसने तोते को वापस ले जाने की मांग की। मगर तोते को पालने वाले परिवार ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और यह मामला थाने पहुंच गया। अब पुलिस भी इस उलझन में पड़ गई कि तोते का असली मालिक कौन है? तोता पालने वाले को दिया जाए या मुफ्त में देने वाले को दिया जाए। पुलिस भी यह फैसला नहीं कर पाई। इसके बाद थानाध्यक्ष विपिन कुमार गौतम ने ये फैसला तोते पर ही छोड़ दिया। दोनों पक्षों से कहा गया कि तोता जिस ओर जाएगा और जिसे पहचानेगा, तोता उसी को दिया जाएगा। इसके बाद एक मेज पर तोते को छोड़ा गया। दोनों पक्षों को सामने खड़ा किया गया।
तोते ने पहचाना अपना असली मालिक
पुलिस ने दोनों पक्षों को सामने खड़ा किया और तोते का पिंजरा खोल दिया। तोते के पिंजरे से बाहर आते ही दोनों पक्ष उसे देखने लगे और उनकी धड़कने तेज हो गई। फिर तोता आगे बढ़ा और तीन साल से पालने वाले अपने मालिकों के पास चला गया। तोता अपनी भाषा में मालकिन को मम्मी और मालिक को पापा बोलने लगा। इसके बाद पुलिस ने तोता उन्हें सौंप दिया।