Edited By Ajay kumar,Updated: 23 Jan, 2023 05:56 PM

बर्मिघम (इंग्लैंड) में वर्ष 2022 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल विभाग सम्मानित करने की योजना तैयार कर रहा है। अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि इन खिलाड़ियों को गणतंत्र दिवस के...
लखनऊ: वर्ष 2022 में इंग्लैंड के बर्मिघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल विभाग सम्मानित करने की योजना तैयार कर रहा है। अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि इन खिलाड़ियों को गणतंत्र दिवस के अवसर 26 जनवरी को पुरस्कृत किया जायेगा।
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को डेढ़ करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान की जायेगी। इसके अलावा रजत और कांस्य पदक पाने वालों को क्रमशः 75 और 50 लाख रुपए की धनराशि पुरस्कार में दी जायेगी। राष्ट्रमंडल खेलों में उत्तर प्रदेश के खाते में आठ पदक हैं। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार दिया जायेगा। इन खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपये दिये जायेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों में छह खिलाड़ी ऐसे रहे. जो पदक जीतने से चूक गए। खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन खिलाड़ियों को राजभवन में सम्मानित किये जाने की योजना है।

इन खिलाड़ियों ने लिया था हिस्साः
- मेरठ की चक्का फेंक खिलाड़ी सीमा पुनिया।
- वाराणसी की भारोत्तोलक पूनम यादव और पूर्णिमा यादव।
- जौनपुर के भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव और संभल के हैमर थ्रो खिलाड़ी सरिता यादव।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदकः
- 110 किमी पैदल चाल में मेरठ की प्रियंका ने जीता रजत पदक।
- भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इस बार रजत मिला। इसमें मेरठ की दीप्ति शर्मा और बिजनौर की मेघना सिंह शामिल हैं।
- भारतीय पुरुष हॉकी टीम रजत पदक जीता। इस टीम में वाराणसी के ललित उपाध्याय शामिल रहे।
- वाराणसी के जूडोका विजय कुमार यादव, मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान, मेरठ की भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने कांस्य पदक जीता।