Edited By Pardeep,Updated: 03 Oct, 2026 01:29 AM

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट थाना क्षेत्र में आतिशबाजी के अवशेष में हुए विस्फोट में गंभीर रूप से घायल एक बच्चे की मौत के बाद उसके बड़े भाई ने भी शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बिजनौरः उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट थाना क्षेत्र में आतिशबाजी के अवशेष में हुए विस्फोट में गंभीर रूप से घायल एक बच्चे की मौत के बाद उसके बड़े भाई ने भी शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अफजलगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक कुमार ने बताया कि 20 सितंबर को शेरकोट थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में ईंट भट्ठे के पास आतिशबाजी के अवशेष में विस्फोट होने से रोहित (15) और उसका छोटा भाई रोहन (12) गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को रोहन की मौत हो गई थी और शुक्रवार को रोहित की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सीओ ने बताया कि मामले में अधिकतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।