Edited By Pooja Gill,Updated: 08 Aug, 2023 01:22 PM

UP Assembly Session: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कृषि विभाग से जुड़े मुद्दों पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। प्रश्नकाल के दौरान सपा सदस्य डॉक्टर मानसिंह ने कृषि विभाग से संबंधित एक...
UP Assembly Session: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कृषि विभाग से जुड़े मुद्दों पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। प्रश्नकाल के दौरान सपा सदस्य डॉक्टर मानसिंह ने कृषि विभाग से संबंधित एक प्रश्न पूछा। इसके जवाब में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों को लाभान्वित करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के बारे में विस्तार से बताया।

सपा सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य ने अनुपूरक प्रश्न करते हुए पूछा कि वर्ष 2022-23 में रबी फसल की खरीद के लिए कितने क्रय केंद्र बनाए गए और बड़े पैमाने पर प्रदेश के किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे छुट्टा जानवरों की समस्या के निदान के लिए सरकार क्या कर रही है? मंत्री शाही ने कहा कि यह अनुपूरक पूछे गए मूल प्रश्न से संबंधित नहीं हैं लेकिन राज्य सरकार हमेशा इस बात के लिए प्रयत्नशील है कि क्रय केंद्रों को अच्छे तरीके से चलाया जाए।
यह भी पढ़ेंः यूपी विधानसभा सत्र का दूसरा दिन आज,सरकार को घेरेगी सपा; महंगाई और बाढ़ की समस्या को लेकर होगा हंगामा

विरोधी नारे लगाते हुए सदन से बाहर चले गए सपा सदस्य
मंत्री शाही ने कहा कि राज्य के सभी विकास खंडों में निराश्रित गो आश्रय स्थल बनाए गए हैं। जिनमें 13 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंशीय पशुओं को रखा गया है। राज्य सरकार उनकी ठीक प्रकार से व्यवस्था करा रही है। पूरी कोशिश है कि फसलों को छुट्टा पशुओं से कोई नुकसान ना हो। सरकार के इस जवाब से असंतुष्ट होकर स्वामी प्रसाद मौर्य समेत सभी सपा सदस्य सदन के बीचों बीच आ गए। सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उन्हें अपने स्थान पर जाने को कहा। इस पर सपा के सभी सदस्य सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सदन से बाहर चले गए।