Edited By Ramkesh,Updated: 18 Oct, 2026 07:24 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे और इस दौरान वह नवरात्र व दशहरा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा एवं अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे और इस दौरान वह नवरात्र व दशहरा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा एवं अनुष्ठानों में भाग लेंगे। गोरखपुर पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ की पूजा की और अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया।
उन्होंने रविवार शाम को महाअष्टमी के अवसर पर निशा पूजा और हवन किया। योगी सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे कन्या पूजन करेंगे और इस दौरान वह नौ कन्याओं को देवी दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करेंगे। योगी कन्याओं के पैर धोएंगे, माथे पर तिलक लगाएंगे और उन्हें भोजन, उपहार एवं दक्षिणा भेंट करेंगे। इसके साथ ही बटुक पूजन भी किया जाएगा।
मंगलवार को मुख्यमंत्री गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा करेंगे और शाम को गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक विजयादशमी शोभायात्रा का नेतृत्व करेंगे। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ यह शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी, जहां वह भगवान शिव की पूजा करेंगे। इसके बाद वह मानसरोवर रामलीला मैदान जाएंगे। रामलीला मैदान में योगी भगवान राम का राजतिलक करेंगे, इसके बाद वह भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की पूजा-अर्चना कर आरती करेंगे। गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक 'तिलकोत्सव' का भी आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे।