UP Election 2022: काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के जरिए चुनावी अभियान को रफ्तार देगी भाजपा

Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 08 Dec, 2021 05:14 PM

bjp will speed up the election campaign through the launch of kashi vishwanath

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटी है...

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटी है। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण कार्यक्रम को आम जनता को दिखाने के लिए प्रदेश के सभी गांवों और 27 हजार से ज्यादा शिवालयों और प्रमुख मठ, मंदिरों में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी। भाजपा इस मौके पर साधु-संतों तथा धर्माचार्यों को सम्मानित भी करेगी।

भाजपा के प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 13 दिसंबर को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में स्थित काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी गांवों में भी इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी जिसमें गांव के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में ‘‘दिव्य काशी-भव्य काशी" पर साहित्य भी दिया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों में धर्माचार्यों एवं साधु-संतो को पार्टी द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी स्तर पर कई कार्यक्रमों की रचना की है। ये कार्यक्रम 13 दिसंबर को शुरू होकर मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर 12,13 और 14 दिसम्बर को प्रदेश के लोग दीपक जलाकर अपने घरों में भगवान शिव का आह्वान करेंगे। भाजपा प्रत्येक गांव, नगर, शहर में दीपोत्सव के लिए अभियान चलाएगी। इसे सफल बनाने के लिए दीप व्यवस्था कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जो बूथ स्तरीय सम्पर्क करेगी और दीप वितरण की व्यवस्था देखेगी। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को काशी में ही भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल.संतोष मौजूद रहेंगे। उसके बाद 17 दिसंबर को केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा एवं उत्तर प्रदेश सरकार की शहरी विकास मंत्रालय महापौरों का सम्मेलन करेगी।

सिंह ने बताया कि काशी में ‘‘दिव्य काशी-भव्य काशी'' के संबंध में सरकारी पुस्तिका और प्रसाद का वितरण पांच लाख घरों में किया जाएगा। आगामी 12 जनवरी 2022 को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर काशी में युवा सम्मेलन का आयोजन होगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!