Edited By Purnima Singh,Updated: 11 Jul, 2026 05:37 PM

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले विवाद का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात कुछ कांवड़िए डीजे पर चढ़ गए थे। इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा ने उन्हें नीचे उतरने को कहा, जिसके बाद बहस हो गई ...
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले विवाद का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात कुछ कांवड़िए डीजे पर चढ़ गए थे। इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा ने उन्हें नीचे उतरने को कहा, जिसके बाद बहस हो गई। इस दौरान एक कांवड़िए ने इंस्पेक्टर को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद कांवड़ियों ने शिव चौक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और कांवड़ियों ने अपनी यात्रा आगे बढ़ाई।
सुरक्षा को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर कोतवाली के निकट एक डीजे वाहन पर कुछ कांवड़िये ऊंचाई पर खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। सुरक्षा के मद्देनज़र शहर कोतवाल बृजेश शर्मा ने उन्हें नीचे उतरने की सलाह दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कांवड़ियों का आरोप है कि समझाने के दौरान कोतवाल ने आपत्तिजनक और सख्त भाषा का प्रयोग किया, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और पूरे घटनाक्रम पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद शहर कोतवाल ने भी अपने शब्द वापस लिए, जिसके बाद कांवड़ियों ने विरोध समाप्त कर अपनी यात्रा आगे बढ़ा दी।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर बहस तेज हो गई है। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।