Edited By Prashant Tiwari,Updated: 06 Dec, 2022 01:46 PM

उत्तर प्रदेश विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। सपा विधायकों ने सरकार के ऊपर चुनाव के दौरान प्रशासन पर सपा प्रत्याशियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया...
लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह) : उत्तर प्रदेश विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। सपा विधायकों ने सरकार के ऊपर चुनाव के दौरान प्रशासन पर सपा प्रत्याशियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विपक्ष के हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को 2 बार 15-15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।
सत्र के दूसरे दिन विपक्ष का सदन में हंगामा
उत्तर प्रदेश विधानमंडल में चल रहे तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरु हुई। सपा विधायकों ने सदन में हंगामा करना शुरु कर दिया। सपा विधायकों ने सरकार पर उपचुनाव के दौरान प्रशासन पर दबाव डालकर उनके माध्यम से सपा प्रत्याशियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने व उप चुनाव में सपा समर्थकों को मतदान न करने का आरोप लगाया। जिसके बाद विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की।
विधानसभा अध्यक्ष ने 2 बार सदन स्थगित किया
विधानसभा में सपा विधायकों के हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दो बार 15-15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान सपा के विधायक अतुल प्रधान ने विधानसभा की कार्यवाही को फेसबुक पर लाइव कर दिया। जिसकी जानकारी होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए इसे सदन की गरिमा के विपरीत बताया। जिसके बाद अतुल प्रधान को 1 बजे तक सदन की कार्यवाही से बाहर कर दिया गया।
अनुपूरक बजट पर होनी है चर्चा
योगी सरकार ने सोमवार को प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन 2022-23 के लिए 33769 करोड़ 54 लाख रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया था। जिस पर शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन चर्चा होनी है।