Edited By Pooja Gill,Updated: 14 Jul, 2023 02:03 PM

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में उतरे है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा ममता बनर्जी पर तंज कसने वाले बयान पर पलटवार किया है। अखिलेश ने सीएम योगी पर...
Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में उतरे है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा ममता बनर्जी पर तंज कसने वाले बयान पर पलटवार किया है। अखिलेश ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव की बड़ी चिंता है। जबकि भाजपा ने यूपी में होने वाले हर चुनाव में स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता का दम घोंटा, लोकतंत्र की हत्या की और संविधान के लिए खतरा पैदा किया है।

CM ने यह दिया बयान
सीएम योगी ने ये बयान दिया कि ‘‘पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में मतदान और मतगणना वाले दिन हिंसा हुई, निर्दोष लोग मारे गए। लोकतंत्र का ढिंढोरा पीटने वाले लोग लोकतंत्र को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अंदर आपने देखा होगा पंचायत, नगर निकाय, विधानसभा या किसी भी तरह का चुनाव हो, कोई हिंसा नहीं हुई। अभी तीन महीने पहले प्रदेश के अंदर चुनाव संपन्न हुए, कहीं कोई हिंसा नहीं हुई, मतदान केंद्र पर कोई कब्जा नहीं हुआ और कहीं भी किसी भी प्रकार की कोई धांधली नहीं हुई।''

BJP ने की लोकतंत्र की हत्या
सीएम के इसी बयान पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा कि पंचायत चुनाव में विपक्ष के मतों पर खुला डाका डाला गया। इन चुनावों में भाजपा द्वारा जो जोर-जबरदस्ती मतदाताओं के साथ की गई, उसकी अनदेखी कैसे की जा सकती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की है। यहां सरकार ने पुलिस प्रशासन और धनबल से लोकतंत्र का अपहरण कर लिया है। पिछले छह सालों में प्रदेश पंचायत, नगर निकाय और ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में वोटों की खूब लूट हुई। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों वोट न डालने के लिए उन्हें धमकाया गया, उनके पर्चे छीन लिए गए।

अखिलेश ने लगाए बीजेपी पर आरोप
अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि, बीजेपी सरकार लोकतंत्र और संविधान पर गंभीर खतरा है। इन्होंने लोकतंत्र को कलंकित किया है। सत्ता के दुरुपयोग के कारण नौकरशाही का राजनीतिकरण कर दिया गया है। यह लोग राजनीतिक विरोधियों के साथ दुश्मनों की तरह व्यवहार करते हैं। इनके राज में पंचायत चुनावों में फायरिंग हुई, बम फोड़े गए, बैलेट बॉक्स लूटे गए थे, महिलाओं की साड़ी फाड़ी गई थी और लोगों के साथ मारपीट कर उनका खून बहाया गया था। लोकतंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाले ही लोकतंत्र का ढिंढोरा पीट रहे हैं।