Edited By Anil Kapoor,Updated: 19 May, 2026 09:43 AM

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के आजमगढ़-गोरखपुर लिंक मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और उनके....
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के आजमगढ़-गोरखपुर लिंक मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और उनके 10 वर्षीय पुत्र की जान चली गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनकट जगदीश कोइरीपुर निवासी संतोष विश्वकर्मा (38) अपनी पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा (36) और पुत्र रियांश विश्वकर्मा (10) के साथ मोटरसाइकिल से गोरखपुर स्थित रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को वापस लौटते समय अतरौलिया क्षेत्र के गदनपुर इंटरचेंज पर रास्ता भटक जाने के कारण वे नीचे उतरने के बजाय एक्सप्रेस-वे पर आगे बढ़ गए।
ये भी पढ़ें:- खुद जल गई पर बच्चों को आंच न आने दी, आग और धुएं से आधे घंटे तक लड़ती रही मां... अस्पताल में तोड़ा दम
अतरौलिया थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि खीरीडीहा गांव के पास गोरखपुर एक्सप्रेस-वे के प्वाइंट नंबर 68.9 पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक संतोष विश्वकर्मा उछलकर एक्सप्रेस-वे के नीचे बनी सर्विस रोड के किनारे जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा गश्ती दल के सुरक्षा अधिकारी चंद्रभान सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल मां-बेटे को तत्काल अतरौलिया स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान गुड़िया विश्वकर्मा ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रियांश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें:- फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा: खेत का पानी पीने से 16 बकरियों की मौत, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। तीनों शवों को पोस्टमाटर्म के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पिकअप चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।