Edited By Anil Kapoor,Updated: 27 Jul, 2026 02:26 PM

धर्मनगरी वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित सेरेन सोनी प्ले स्कूल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक खबर सामने आई है। जहां नर्सरी में पढ़ने वाले महज 5 साल के मासूम छात्र अस्तित्व जायसवाल के साथ उसकी क्लास टीचर ने हैवानियत की सारी...
Varanasi News: धर्मनगरी वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित सेरेन सोनी प्ले स्कूल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक खबर सामने आई है। जहां नर्सरी में पढ़ने वाले महज 5 साल के मासूम छात्र अस्तित्व जायसवाल के साथ उसकी क्लास टीचर ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। बच्चे द्वारा पैंट में पेशाब कर देने पर भड़की शिक्षिका ने लाल-सुर्ख गर्म चाकू से मासूम का प्राइवेट पार्ट जला दिया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 24 जुलाई की बताई जा रही है। मासूम अस्तित्व ने क्लास के दौरान शिक्षिका से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन टीचर ने साफ इनकार कर दिया। छोटे बच्चे का कंट्रोल छूट गया और पैंट में ही पेशाब निकल गया। इस बात से आपा खो चुकी महिला टीचर बच्चे को खींचकर दूसरे कमरे में ले गई। आरोप है कि वहां उसने गैस पर चाकू गर्म किया और मासूम को यह दर्दनाक सजा दे डाली।
ये भी पढ़ें:- 'वलीमे के स्टेज पर पहुंची पहली पत्नी, हाथ में कैमरा और पीछे पुलिस...', महिला ने दुल्हन का VIDEO बना दूल्हे को सिखाया सबक
घर पहुंचकर सहमे और रोते हुए बच्चे ने जब परिजनों को आपबीती बताई तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने जब शिक्षिका को फोन मिलाया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। अगले दिन जब पीड़ित अधिवक्ता पिता स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह और मैनेजर से मिलने पहुंचे, तो उन्होंने कोई सहयोग करने के बजाय उल्टा पीड़ित परिवार को ही अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली।
बच्चे की गंभीर हालत और परिजनों की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने एक्शन लिया है। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि पीड़िता पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी शिक्षिका व प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।