Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Aug, 2026 12:33 PM

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे एक युवक को जूते के अंदर छिपे सांप ने डस लिया। आनन-फानन में परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई...
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे एक युवक को जूते के अंदर छिपे सांप ने डस लिया। आनन-फानन में परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिजन पीड़ित के इलाज के साथ-साथ डसने वाले सांप को भी एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर सीधे अस्पताल ले आए।
घटना सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कृष्णकुमार के बेटे सागर सिंह गुरुवार शाम करीब 5 बजे अपनी ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने बिना देखे जैसे ही अपना जूता पहना, जूते में पहले से ही कुंडली मारकर बैठे सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही सागर की तबीयत बिगड़ने लगी।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को किसी तरह पकड़ा और एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद वे सागर को इलाज के लिए सीधे हमीरपुर जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में जब परिजनों ने डिब्बे में बंद सांप को दिखाया, तो वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों के बीच हड़कंप मच गया। अस्पताल के डॉक्टर धर्मेंद्र ने मरीज की जांच के बाद बताया कि डिब्बे में लाया गया सांप कोबरा प्रजाति का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें:- पैंट की जेब में रखा फोन हुआ ओवरहीट, पलक झपकते ही उड़े परखच्चे... ऐसे रखें अपना मोबाइल सेफ
बरसात में बरतें खास सावधानी:-
अक्सर बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने के बाद सांप सूखी और सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों में दाखिल हो जाते हैं। कई बार ये अंधेरी जगहों, कपड़ों की ढेरी या जूतों के अंदर जाकर छिप जाते हैं।
जूता झाड़कर ही पहनें
बारिश के दिनों में जूते-चप्पल या कोई भी बंद जूते पहनने से पहले उन्हें उल्टा करके अच्छी तरह झाड़ लें और अंदर टॉर्च से देख लें।
झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें
डॉक्टरों का साफ कहना है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों में समय बर्बाद न करें। मरीज को बिना देर किए सीधे नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर जाएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध होता है।