Edited By Anil Kapoor,Updated: 03 Jun, 2025 08:51 AM

Agra News: आगरा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक गिरोह शादी कराकर ससुराल वालों को नशीला पदार्थ पिला कर जेवरात और नकदी लूट ले जाता था। इस गिरोह की मुख्य आरोपी 'लुटेरी दुल्हन' के साथ उसके नकली फूफा और नकली बुआ भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने...
Agra News: आगरा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक गिरोह शादी कराकर ससुराल वालों को नशीला पदार्थ पिला कर जेवरात और नकदी लूट ले जाता था। इस गिरोह की मुख्य आरोपी 'लुटेरी दुल्हन' के साथ उसके नकली फूफा और नकली बुआ भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
शादी के बाद ससुराल में नशीला दूध पिला कर लूटपाट
यह घटना थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर की है। जहां की रहने वाली कुसुमा देवी ने बताया कि उनके बेटे रिंकू की शादी एक वकील जेपी धाकरे के कहने पर आतिमा नाम की लड़की से हुई थी। जेपी धाकरे इस गिरोह का बिचौलिए का काम करता था। उसने कुसुमा देवी से कहा कि लड़की पक्ष गरीब है, इसलिए शादी के लिए 1.20 लाख रुपये मांगे। 4 मई को मंदिर में रीति-रिवाज से शादी हो गई। शादी के बाद आतिमा ससुराल आई और सबको नशीला पदार्थ मिला दूध पिला दिया। सभी बेहोश हो गए, तब लुटेरी दुल्हन आतिमा जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। जब सब होश में आए तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और दुल्हन नहीं थी।
नकली रिश्तेदारों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़ित परिवार ने बिचौलिए जेपी धाकरे से बात की, लेकिन उसने कोई मदद नहीं की। अंत में पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस ने जांच के बाद लुटेरी दुल्हन के नकली फूफा और नकली बुआ को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह नकली रिश्तेदार बनाकर कई लोगों को ठग चुका है। आगरा के डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दूल्हे के भाई ने पुलिस पर जताई नाराजगी
दूल्हे के बड़े भाई ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और बताया कि पुलिस ने मदद नहीं की, इसलिए उन्होंने खुद आरोपियों का पता लगाया। वे आरोपियों के घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने सुनीता और राजेंद्र नामक नकली रिश्तेदारों को पकड़ा। दूल्हे की मां कुसुमा देवी ने कहा कि शादी के दिन बहू को अपने साथ रखा था। बहू ने रात में दूध मांगा, जो उसने अपनी बेटी को पिलाया। इसके बाद बहू ने पूरे परिवार को दूध दिया, जिसमें नशीला पदार्थ था। इससे सब बेहोश हो गए। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।