Edited By Anil Kapoor,Updated: 17 Aug, 2026 08:02 AM

गोरखपुर में शादी के महज डेढ़ महीने भीतर रिश्तों के तार-तार होने की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। रामगढ़ताल इलाके की एक युवती का आरोप है कि अंडमान-निकोबार में हनीमून के दौरान पीरियड्स आने पर उसके पति ने उसके साथ दरिंदगी की हदें....
Gorakhpur News: गोरखपुर में शादी के महज डेढ़ महीने भीतर रिश्तों के तार-तार होने की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। रामगढ़ताल इलाके की एक युवती का आरोप है कि अंडमान-निकोबार में हनीमून के दौरान पीरियड्स आने पर उसके पति ने उसके साथ दरिंदगी की हदें पार कर दीं। पेट दर्द से तड़पती पत्नी को हमदर्दी देने के बजाय थप्पड़ों और लात-घूंसों से पीटा और गला दबाकर मारने की कोशिश की। 40 लाख रुपए का भारी-भरकम दहेज लेने के बावजूद आरोपियों ने शादी के 45 दिन बाद ही दुल्हन को ससुराल से बाहर फेंक दिया।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी दिल्ली के रहने वाले निखिल मिश्रा से हुई थी। विवाह के एक महीने बाद दोनों अंडमान-निकोबार हनीमून पर गए थे। वहां अचानक पीरियड्स शुरू होने पर उसके पेट में असहनीय दर्द होने लगा। जब वह दर्द से रोने लगी तो पति अचानक आपा खो बैठा और मारपीट करने लगा। कमरे से चीख-पुकार सुनकर होटल के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाकर किसी तरह युवती की जान बचाई। इसके बाद पति ने लड़की के पिता को फोन पर गालियां दीं। जब पीड़िता किसी तरह दिल्ली स्थित अपने ससुराल पहुंची और सास संजू मिश्रा व ननद नेहा पांडेय को आपबीती बताई, तो उन्होंने भी हमदर्दी जताने के बजाय उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें:- 'गर्दन कटी, सड़क पर तड़पता रहा युवक...' चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार की जान, VIDEO वायरल
पीड़िता के पिता ने शादी में 20 लाख रुपए नकद और महंगी कार सहित करीब 40 लाख रुपए का सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल वालों का पेट नहीं भरा और शादी के महज 45 दिन बाद ही उसे बेघर कर दिया गया। जब लड़की अपने मायके गोरखपुर आ गई, तब भी पति उसे व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां देता रहा।
पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए थानों के चक्कर काटे और अंत में एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर रामगढ़ताल पुलिस ने पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।