Edited By Anil Kapoor,Updated: 10 Mar, 2025 01:01 PM

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां फतेहगंज पश्चिमी के चिटिया जगन्नाथपुर गांव के पूर्व प्रधान डंपी पर आरोप है कि वह नकली नोटों के कारोबार में शामिल है। वह महज 30 हजार...
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां फतेहगंज पश्चिमी के चिटिया जगन्नाथपुर गांव के पूर्व प्रधान डंपी पर आरोप है कि वह नकली नोटों के कारोबार में शामिल है। वह महज 30 हजार रुपए में 1 लाख रुपए के नकली नोट बाजार में चलवा रहा था। इस गिरोह के बारे में पुलिस को तब जानकारी मिली जब उसने 2 आरोपितों को पकड़ा। पुलिस ने इन दोनों आरोपितों से 51 हजार 400 रुपए के नकली नोट बरामद किए, और पूछताछ में उन्होंने पूर्व प्रधान डंपी का नाम लिया। जिसके बाद पुलिस ने डंपी और उसके 2 साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानिए, कैसे हुआ मामले का खुलासा?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते रविवार शाम फतेहगंज पश्चिमी पुलिस गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि 2 लोग नकली नोट लेकर बाजार में घूम रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टिटौली से सोरहा रोड पर संदिग्धों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक काली पन्नी से 100-100 के नोट मिले। पुलिस ने इन नोटों की गिनती की, तो कुल 514 नोट यानी 51 हजार 400 रुपए नकली पाए गए।
पकड़े गए आरोपितों का बयान
पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम मो. यामीन और अनमोल गुप्ता बताया। यामीन टिटौली गांव का रहने वाला है, जबकि अनमोल धौरा टांडा का निवासी है। उन्होंने बताया कि ये नकली नोट उन्हें चिटिया जगन्नाथपुर के पूर्व प्रधान डंपी से मिलते थे। वह 30 हजार रुपए में 1 लाख रुपए के नकली नोट देते थे, जिन्हें वे बाजार में चला कर मुनाफा कमाते थे। वहीं जब पुलिस ने उनसे यह पूछा कि डंपी को ये नकली नोट कहां से मिलते हैं, तो आरोपितों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस पर पुलिस ने डंपी, मो. यामीन और अनमोल गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का शक
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब नकली नोटों के मामले में गिरफ्तारी हुई हो। इससे पहले भी जिले में कई लोगों को नकली नोटों के साथ पकड़ा जा चुका है, जैसे इज्जतनगर पुलिस ने भी कुछ दिन पहले ऐसा मामला उजागर किया था। अब फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, डंपी और उसके साथी जल्द ही पकड़े जाएंगे और पूरी साजिश का पर्दाफाश होगा। पुलिस ने आरोपितों के पास से नकली नोटों के अलावा मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस डंपी की तलाश कर रही है, और उसका जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।