Edited By Nitika,Updated: 20 Jan, 2022 05:55 PM
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
लखनऊः भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
दरअसल, गोरखपुर योगी आदित्यनाथ का गढ़ है। मुख्यमंत्री इस निर्वाचन क्षेत्र से 5 बार लोकसभा सांसद रहे हैं। सभी प्रमुख विपक्षी दलों द्वारा उन्हें अकेला छोड़ने के बाद आज़ाद ने मेड-इन-इंडिया माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म कू पर एक भावनात्मक संदेश पोस्ट किया। “भीम आर्मी का हर कार्यकर्ता दूसरी पार्टियों के 1000 कार्यकर्ताओं के बराबर है। हम उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में अथक परिश्रम करेंगे और दिखाएंगे कि भीम आर्मी के पास सबसे मेहनती, ईमानदार, प्रतिबद्ध और उद्दंड कार्यकर्ता हैं। यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई है और मैं बदलाव लाने के लिए अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लड़ूंगा।“
वहीं आजाद ने सोशल मीडिया के महत्व पर भी जोर दिया और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचने के लिए इस माध्यम का कुशलता से उपयोग करने का आह्वान किया। बता दें कि आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी की चुनावी शाखा है। विभिन्न विपक्षी दलों के साथ बात करने के बाद, आजाद समाज पार्टी ने यूपी चुनाव में अकेले जाने का फैसला किया है। 1986 में जन्मे आजाद ने देहरादून से एलएलबी किया है। उन्होंने दलितों के उद्धार और खुशहाली के लिए काम करने के लिए 2015 में भीम आर्मी का गठन किया।