Edited By Ramkesh,Updated: 13 Aug, 2026 07:27 PM

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 45 वर्षीय एक पशु चिकित्सक ने बृहस्पतिवार को अपने अपार्टमेंट के आठवें तल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला है जिसमें धोखाधड़ी के एक...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 45 वर्षीय एक पशु चिकित्सक ने बृहस्पतिवार को अपने अपार्टमेंट के आठवें तल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला है जिसमें धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी महिला को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
1.40 करोड़ रुपये गंवाने के बाद मानसिक तनाव में था डॉक्टर
अपर पुलिस अधीक्षक निमिश पाटिल ने बताया कि मृतक की पहचान परमात्मा सिंह के रूप की गई है। वह महाराजगंज के नौतनवा में तैनात थे और गोरखनाथ क्षेत्र में अपनी पत्नी सुमित्रा सिंह और दो बच्चों के साथ रहते थे। परिजनों का आरोप है कि ऋण से जुड़ी कथित धोखाधड़ी में करीब 1.40 करोड़ रुपये गंवाने के बाद सिंह काफी मानसिक तनाव में थे।
गरिमा सिंह और पिता ध्रुव नारायण सिंह के खिलाफ केस दर्ज
परिजन के मुताबिक, गरिमा सिंह नामक महिला ने परमात्मा सिंह को एक योजना में शामिल होकर पुराने कर्ज की अदायगी के लिए राजी किया था जिसके बाद उन्होंने कई बैंक से ऋण ले लिया था। उन्होंने दावा किया कि उस महिला ने दो महीने की किस्त भुगतान की और उसके बाद सिंह को ऋण के बोझ तले दबा हुआ छोड़ दिया। परमात्मा सिंह ने चार अगस्त को गरिमा सिंह और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह के खिलाफ पिपराइच थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी और धन के गबन और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला जिसमें इस कदम के लिए गरिमा सिंह को जिम्मेदार ठहराया गया है। पाटिल ने कहा कि इस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्य के आधार पर गोरखनाथ पुलिस थाने में एक नया मामला दर्ज किया जा रहा है।