Edited By Ajay kumar,Updated: 02 Sep, 2023 05:42 PM

पत्नी बेटे को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। इससे परेशान होकर पति ने घर के अंदर फंदे पर लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गढ़िया रंगीनः पत्नी बेटे को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। इससे परेशान होकर पति ने घर के अंदर फंदे पर लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुनिषा 20 दिन पहले किसी युवक के साथ भाग गई
थाना क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी उर्वेश ने बताया कि उसके छोटे भाई रामलखन गुर्जर की शादी परौर थाना क्षेत्र के गांव मंझा निवासी मुनिषा के साथ हुई थी। उसके एक दो वर्ष का बेटा अनुराग है। उसने बताया कि मुनिषा 20 दिन पहले क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक के साथ भाग गई। जिसकी वजह से रामलखन परेशान रहता था। पत्नी के जाने के बाद से वह गुमसुम रहने लगा था। बेटे को देखकर रोने लगता था।

बेटे के सो जाने के बाद लगाई फांसी
गुरुवार शाम को रामलखन मजदूरी कर घर लौटा तो बेटे को काफी देर तक खिलाता रहा। अनुराग के सो जाने के बाद उसने बरामदे में दीवार के रोबे में रस्सी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। उसने बताया कि सुबह जब भाई रामलखन घर से बाहर नहीं निकला तो उर्वेश की पत्नी ने छत से उसे लटका देखा। यह देख वह शोर मचाने लगी, आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। उसने बताया कि वह खेत पर फसल की रखवाली करने गया था, जानकारी होने पर घर पहुंचा और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।