Edited By Ramkesh,Updated: 09 May, 2026 07:24 PM

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के इस्सापुर गांव में एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में तैनात सुरक्षा गार्ड की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को एक खेत से उसका शव बरामद किया, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस के...
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के इस्सापुर गांव में एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में तैनात सुरक्षा गार्ड की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को एक खेत से उसका शव बरामद किया, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 23 वर्षीय आदित्य खटाना के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर गंगोह थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक सिसौदिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में शुक्रवार रात शामली जिले के अमलापुर गांव का एक संदिग्ध युवक परिसर में घूमता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हाल ही में जेल से छूटा है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। आदित्य की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष है। जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस पर सीओ सिसौदिया ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए कहा कि हत्यारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।