Edited By Ajay kumar,Updated: 31 Aug, 2023 05:35 PM

जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा के बीच हमले तेज हो गए हैं। दोनों पार्टियों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जहां एक तरफ भाजपा के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जिताने के लिए भाजपा के कद्दावर नेताओं के साथ विधायक और मंत्रियों का...
मऊः जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा के बीच हमले तेज हो गए हैं। दोनों पार्टियों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जहां एक तरफ भाजपा के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जिताने के लिए भाजपा के कद्दावर नेताओं के साथ विधायक और मंत्रियों का घोसी विधानसभा में जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जिताने के लिए सपा के नेताओं के साथ कांग्रेस और स्वाभिमान पार्टी के नेता भी मैदान में उतर चुके हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। एके शर्मा ने समाजवादी पार्टी ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा का बाबा साहब से कोई लेना देना नहीं है। सपा के लोग बाबा साहब अंबेडकर को नहीं मानते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी 7 पापों से मिलकर बनी है।

सपा विशुद्ध रूप से पारिवारिक पार्टी
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सपा विशुद्ध रूप से पारिवारिक पार्टी है। सही और गलत में फर्क करना सपा को नहीं आता है। सपा ने शिक्षा को बर्बाद किया है। पहले लोक सेवा आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा था। आजमगढ़ मंडल में सपा ने कोई काम नहीं किया। जो भी काम हुआ मैनपुरी और इटावा में काम हुआ।
सपा में माफियाओं को दिया जाता था संरक्षण
बता दें कि मंत्री एके शर्मा आज मऊ पहुंचे। इस दौरान शर्मा ने सपा को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि चाचा, चाची, भैया, भौजी सब भ्रष्टाचार में लगे थे। सपा में माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था।अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी समस्या यह है कि उनकी पार्टी उनके परिवार तक ही सीमित रह गई है। उनके परिवार में अब दो चाचा और एक भतीजा बचा है, जो भाई-भाई थे अब वह भी किनारे होते चले जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी में जितने लोग बचे हैं, उतने लोग प्रचार करने आए हैं।

'I.N.D.I.A. डिफॉल्टरों की पार्टी'
उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि I.N.D.I.A. नाम की एक फर्जी पार्टी इन लोगों ने बनाई है, जो डिफॉल्टरों की पार्टी है। ऐसे लोगों को लोकतंत्र की, संविधान की या ऐसी कोई पवित्रता की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव के मताधिकार छीनने वाली बात पर कहा कि इस देश के नागरिकों का मताधिकार ना किसी का कोई छीन सकता था और ना किसी ने छीना है। लेकिन छीनने का काम जिसने किया था वह कांग्रेस पार्टी ने किया था जो अब इनके पार्टनर है।