Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 05 Nov, 2023 12:00 PM

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भगवान राम हम सभी लोगों के कण-कण में हैं। कोई ऐसा हिंदुस्ता...
इटावा: सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भगवान राम हम सभी लोगों के कण-कण में हैं। कोई ऐसा हिंदुस्तानी नहीं होगा जो भगवान राम को नहीं मानता हो। शिवपाल ने इशारों ही इशारों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुत से लोग उनके आदर्शों पर चलते तो नहीं हैं, लेकिन ढिंढोरा जरूर पीटते हैं। समाज में किसी का शोषण नहीं होना चाहिए। कभी-कभी ऐसे कानून आ जाते हैं जो चुनाव निष्पक्ष नहीं कराते हैं जिसे जनता चाहेगी उसके नहीं चुना जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऊपर से ही लिस्ट आ जाती है और वो भगवान राम के भक्त बनते हैं लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने तो कभी ऐसा नहीं किया। आज जो हो रहा है खुलेआम हो रहा है समाज में लोगों का शोषण हो रहा है हमें इसे रोकना होगा। शिवपाल सिंह यादव ने बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश में कांग्रेस का कुछ नही है, यहां सिर्फ समाजवादी पार्टी है जो भाजपा को हरा सकती है. यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन बनाये रखने की कोंग्रेस की जिम्मेदारी है, क्योंकि वो गठबंधन की सबसे बड़ी और राष्ट्रीय पार्टी है. 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है।

वहीं आजम खान को लेकर शिवपाल ने कहा कि आज़म खान को जान का खतरा है, आजम खान के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाए गए, पूरे परिवार पर झूठे मुकदमे लाद दिए गए। उन्होंने कहा कि देश में हो रहे पांच राज्यों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और यहीं से केंद्र की सरकार की विदाई की तैयारी हो जाएगी। उन्होंने कहा यह सरकार कहती तो है कि स्वास्थ्य सेवा अच्छी है, लेकिन हकीकत में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप्प है। हम कई बार बोल चुके हैं, यह मुद्दा विधानसभा में भी उठा चुके हैं. पूरी स्वास्थ्य सेवाए वेंटिलेटर पर है। बता दें कि शिवपाल जसवंतनगर में रामलीला मैदान में आयोजित कवि सम्मेलन में शनिवार की रात को अपने संबोधन में उक्त बातें कहीं।