Edited By Ajay kumar,Updated: 06 Aug, 2023 06:08 PM

भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख घटक अपना दल (एस) ने लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर चुप्पी तोड़ी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यूपी में सीटों की चर्चा...
कानपुर: भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख घटक अपना दल (एस) ने लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर चुप्पी तोड़ी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यूपी में सीटों की चर्चा अभी नहीं हुई है। अभी हम चुनाव को लेकर अपने संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। सही समय आने पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक कर सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी।

अभी किस सीट पर और कितनी सीट पर बात करना बेईमानी
उन्होंने कहा कि अभी किस सीट पर चुनाव लड़ा जाए और कितनी सीटें मांगी जाए, यह बात करना बेईमानी होगी। अपना दल (एस) ने शनिवार को किदवई नगर के ब्लॉक स्थित एक गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम आयोजित किया। कानपुर मंडल की ओर से आयोजित समागम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मंडल के छह जिलों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ उनके पति कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल पहुंचे, जिनका पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया।

2024 से पहले जिला स्तरीय सम्मेलन किए जाएंगे आयोजित
इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को धार देने के लिए जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कानपुर में यह पहला सम्मेलन है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए हैं। अनुप्रिया ने कहा कि पिछले चार चुनावों से हम भाजपा के साथ मिलकर लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में इस गठबंधन ने चुनावी जीत में इतिहास रच दिया है। 2024 का लोकसभा चुनाव पांचवां होगा, जिसमें भाजपा और अपना दल (एस) मिलकर एक साथ लड़ेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में हम एनडीए गठबंधन को पहले की तरह ही और मजबूत करेंगे।