Edited By ,Updated: 07 Apr, 2016 02:07 PM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बहुजन समाजपार्टी के राज्यसभा सदस्य नरेन्द्र कश्यप के पुत्र सागर कश्यप को दहेज हत्या अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है...
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बहुजन समाजपार्टी के राज्यसभा सदस्य नरेन्द्र कश्यप के पुत्र सागर कश्यप को दहेज हत्या अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सागर को उसकी पत्नी हिमानी कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
हिमानी कश्यप की गत 5 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। उस दिन इस घटना को आत्महत्या बताया गया था, लेकिन कल हिमानी के पिता हीरालाल कश्यप ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए राज्यसभा सदस्य नरेन्द्र कश्यप, उनकी पत्नी, 2 बेटों और दोनों बेटियों के खिलाफ दहेज हत्या अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
यादव ने बताया कि राज्यसभा सांसद नरेन्द्र कश्यप की इस मामले में संलिप्तता की जांच की जा रही है। यदि उनके खिलाफ सबूत मिले तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है। हिमानी को गोली लगने के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। हिमानी अपने परिवार के साथ कवि नगर इलाके के संजय नगर सेक्टर 23 में रहती थी।