Edited By Mamta Yadav,Updated: 30 May, 2025 11:10 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत के शौर्य और पराक्रम के कारण आज पूरी दुनिया भारत के शक्ति और सामर्थ्य को एक उदाहरण के रूप में मान रही है।
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत के शौर्य और पराक्रम के कारण आज पूरी दुनिया भारत के शक्ति और सामर्थ्य को एक उदाहरण के रूप में मान रही है। योगी ने कहा कि भारत की न्यू डिफेंस पॉलिसी के अंतर्गत दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट करके भारतीय सेना जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है, यह प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा 10 वर्ष पूर्व प्रारंभ किए गए मेड इन इंडिया की उस ताकत का भी एहसास दुनिया को करवाता है जो इस बार ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया ने देखा है। यह आत्मनिर्भर भारत की सफलता का भी एक बेहतरीन उदाहरण है।
47,600 करोड़ की परियोजनाएं विकसित भारत की नींव: CM
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश को मिली 47,600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं विकसित भारत की नींव हैं। सीएम योगी ने मां गंगा के पावन तट पर बसे औद्योगिक नगरी कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के उपरांत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का उत्तर प्रदेश की धरती पर यह प्रथम आगमन है। मैं प्रदेशवासियों की ओर से उनका हृदय से स्वागत करता हूं। यह धरती कभी औद्योगिक क्रांति की अग्रदूत रही है और आज विकास की नई गाथा लिखने जा रही है।
ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि पहले सर्जिकल स्ट्राइक, फिर एयर स्ट्राइक और अब ऑपरेशन सिंदूर, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब जवाब देने में नहीं, जवाब देने की शैली भी तय करने में यकीन रखता है। यह मेड इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त मिसाल है।