Edited By Harman Kaur,Updated: 12 May, 2023 11:30 AM

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हुआ है। वहीं, अब शनिवार को मतगणना होगी। निकाय चुनाव 2023 में जीत हासिल करने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने एड़ी चोटी का जोर लगाया...
संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश में गुरुवार को नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हुआ है। वहीं, अब शनिवार को मतगणना होगी। निकाय चुनाव 2023 में जीत हासिल करने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने एड़ी चोटी का जोर लगाया और जमकर चुनाव प्रचार किया। लेकिन इसी दौरान भाजपा के कुछ कार्यकर्ता पार्टी के खिलाफ हो गए और पार्टी के लिए मुसीबत बन गए। वहीं, अब पार्टी ने उन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया है।

दरअसल, भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी से टिकट न मिलने पर पार्टी से बगावत की और अपनी पार्टी की तरफ से खड़े किए गए प्रत्याशियों के खिलाफ हो गए। जिसे देखते हुए भाजपा ने अपने 10 कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया। बता दें कि संतकबीरनगर जिले में दूसरे चरण के मतदान के साथ ही बीजेपी के जिला अध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने टिकट न मिलने पर निर्दलीय के रूप में चुनावी मैदान में उतरने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 10 कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर कर दिया। इस बात की पुष्टि जगदंबा लाल श्रीवास्तव सोशल मीडिया पर एक लेटर जारी कर की है। वहीं, अब उनके इस लेटर को लेकर लोग तरह-तरह के प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

इन्हें किया गया निष्काशित
भाजपा के खिलाफ निर्दल चुनावी मैदान में उतरने के लिए हैसर बाजार से कदमा देवी पत्नी संतोष चौहान, ज्ञानमती दुसाद पत्नी मोतीलाल दुसाद, मगहर से महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, बखीरा नगर पंचायत से अनंत कसेरा, संगीता निषाद, शिवप्रसाद तिवारी, धर्मसिंघवा नगरपंचायत से पवन जयसवाल मेहदावल नगरपंचायत से कल्याणी तिवारी और हरिहर पुर नगर पंचायत से सिंघल कुमार गुप्ता को पार्टी के विरुद्ध चुनाव लड़ने पर निष्कासित कर दिया गया है।