Edited By Ajay kumar,Updated: 09 Feb, 2024 09:21 PM

जिले के बरदह थानाक्षेत्र सैदपुर सुनैरा गांव के पास बदमाशों ने सपा नेता की गोली माकर हत्या कर दी। मृतक सोनहरा गांव निवासी रणविजय यादव उर्फ रानू (50) पूर्व प्रधान भी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने कई राउंड फायर कर सपा नेता को घायल कर दिया...
आजमगढ़: जिले के बरदह थानाक्षेत्र सैदपुर सुनैरा गांव के पास बदमाशों ने सपा नेता की गोली माकर हत्या कर दी। मृतक सोनहरा गांव निवासी रणविजय यादव उर्फ रानू (50) पूर्व प्रधान भी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने कई राउंड फायर कर सपा नेता को घायल कर दिया और वहां से भाग गए। स्थानीय लोग उन्हें सीएचसी मार्टिनगंज ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही जिले के एसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने घटनास्थल का दौरा कर मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। इस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का मामला सामने आ रहा है।
बुलेट बाइक से सब्जी लेकर घर जा रहे थे रणविजय यादव
पूर्व ग्राम प्रधान और सपा नेता रणविजय यादव उर्फ रानु (50) गुरुवार की शाम तहसील मार्टिनगंज से बुलेट बाइक से सब्जी लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान मार्टिनगंज-कमलापुर सड़क मार्ग पर सोनहरा मोड़ पर घर के रास्ते पर अज्ञात बाइक सवार मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। इसके बाद कई राउंड फायर किये जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। इस दौरान बाइक सवार बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले और उधर तड़प रहे रणविजय को लेकर स्थानीय लोग सीएचसी मार्टिनगंज पहुंचे जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे जिले के एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों से वार्ता की गई है। वर्ष 2021 में गांव के अनिल यादव की हत्या हुई थी। अनिल यादव की हत्या में रणविजय यादव उर्फ रन्नू जेल गया था। इसके साथ ही आठ अन्य आरोपी भी जेल गए थे। परिजनों ने तीन लोगों पर शक जताया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसपी अनुराग आर्य का कहना है कि घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभी - मामले में परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है।