Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 Jul, 2026 06:31 AM

उत्तर प्रदेश में आगामी 2 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने के बाद 26 जुलाई से एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना....
UP Weather UPDate: उत्तर प्रदेश में आगामी 2 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने के बाद 26 जुलाई से एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना बन रही है।
25 जुलाई तक UP में मौसम रहेगा शांत
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से काफी दक्षिण की ओर खिसक गई है। यह जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डाल्टनगंज और कोंटाई होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। प्रदेश के ऊपर फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं होने के कारण मानसूनी गतिविधियां पश्चिम एवं मध्य भारत की ओर स्थानांतरित हो गई हैं। इसी वजह से 25 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता सीमित रहने की संभावना है। इस अवधि में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
27 से UP में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जुलाई से मानसूनी द्रोणी के पुन: उत्तर की ओर खिसकने के साथ प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आएगी। इसके बाद 27 जुलाई से कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इस बीच राजधानी लखनऊ में अगले 24 घंटों के दौरान सामान्यत: बादल छाए रहने, बाद में आंशिक रूप से बादल छंटने तथा अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।