Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Jun, 2026 11:17 AM

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भरथना थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को पोर्न वीडियो देखने के नाम पर मुकदमे और गिरफ्तारी का भय दिखाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना...
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भरथना थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को पोर्न वीडियो देखने के नाम पर मुकदमे और गिरफ्तारी का भय दिखाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फर्जी पुलिस और सायरन की आवाज से डराते थे ठग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार गिरोह देशभर के लोगों को फोन कर स्वयं को क्राइम ब्रांच, साइबर सेल अथवा पुलिस विभाग का अधिकारी बताता था। आरोपी मोबाइल पर पुलिस सायरन की आवाज सुनाकर लोगों में भय पैदा करते थे और दावा करते थे कि संबंधित व्यक्ति ने इंटरनेट पर पोर्न वीडियो देखी है, जिसके कारण उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मुकदमा दर्ज होने वाला है।
मोबाइल लोकेशन से दबोचे गए आरोपी
उन्होंने बताया कि आरोपित तत्काल गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने का डर दिखाकर लोगों से धनराशि की मांग करते थे। भयभीत होकर लोग आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों अथवा यूपीआई आईडी पर रुपए भेज देते थे। ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न खातों के माध्यम से निकालकर आपस में बांट लिया जाता था। एसएसपी ने बताया कि साइबर सेल द्वारा प्रतिबिंब पोटर्ल पर प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण के दौरान साइबर ठगी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन की लोकेशन भरथना थाना क्षेत्र में प्राप्त हुई। इस सूचना पर थाना भरथना पुलिस एवं जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने झिंदुआ पुल के निकट निर्माणाधीन बाईपास के पास से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड तथा साइबर ठगी से अर्जित 28 हजार रुपए से अधिक की नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वे लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलते रहते थे। विभिन्न मोबाइल फोन और सिम कार्ड का उपयोग कर वे अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे।
सरगना नीरज समेत 6 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गैंग का सरगना नीरज सिंह निवासी गजनियापुर, थाना भरथना, जनपद इटावा, मिंटू, मोहित, राम खिलावन तथा रवि निवासी गजनियापुर, थाना भरथना, जनपद इटावा शामिल हैं। इनके अतिरिक्त मोबाइल सिम विक्रेता सुमित कुमार निवासी नगला प्रसाद, थाना बकेवर, जनपद इटावा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार सुमित गिरोह को एक हजार रुपए प्रति सिम कार्ड के हिसाब से सिम उपलब्ध कराता था।
पुलिस टीम को 10 हजार का इनाम
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कारर्वाई की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने देशभर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। उन्होंने इस सफलता के लिए संबंधित पुलिस टीम को उत्साहवर्धन स्वरूप 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।