Edited By Anil Kapoor,Updated: 23 Aug, 2026 01:48 PM

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना ने एक ऐसे बड़े राज से पर्दा उठा दिया, जिसे देखकर खुद पुलिस भी दंग रह गई। कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक ब्रेजा कार से जा टकराई। हादसे के बाद...
Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना ने एक ऐसे बड़े राज से पर्दा उठा दिया, जिसे देखकर खुद पुलिस भी दंग रह गई। कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक ब्रेजा कार से जा टकराई। हादसे के बाद जब पुलिसकर्मी कार सवारों की खैरियत पूछने पहुंचे, तो युवकों की घबराहट देखकर पुलिस को शक हो गया। तलाशी लेने पर कार के अंदर रखे एक बैग से करीब 10 किलोग्राम सोने की ईंट बरामद हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, पूरी घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 171 के पास की है। सकरावा थाना प्रभारी शुक्रवार रात करीब 2 बजे अपने हमराह सिपाहियों के साथ कांवड़ यात्रा की ड्यूटी निपटाकर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ी की टक्कर सामने से आ रही एक ब्रेजा कार से हो गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मी मदद के लिए कार सवार युवकों के पास पहुंचे। बातचीत के दौरान कार में बैठे दोनों युवक बुरी तरह घबराए हुए थे। उनके अजीब व्यवहार से पुलिसकर्मियों को दाल में कुछ काला लगा। शक गहराने पर पुलिस ने कार की गहन तलाशी लेने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें:- UP-राजस्थान के स्कूलों में वीडियोग्राफी बैन का फरमान पहुंचा SC: याचिका में उठे तीखे सवाल, क्या छिपा रही सरकार?
जब पुलिस ने कार में रखा एक संदिग्ध बैग खोलकर देखा, तो उसमें से सोने की एक बड़ी ईंट बरामद हुई। इसका वजन करीब 10 किलो बताया जा रहा है। इतनी भारी मात्रा में सोना देखते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिस ने तत्काल दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और कार समेत बरामद सोने को कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया एक युवक महाराजगंज का रहने वाला है, जबकि दूसरा नेपाल का निवासी है।
बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह सोना नेपाल के रास्ते तस्करी कर दिल्ली ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सोने का बिल या कोई वैध दस्तावेज है या नहीं, और इसे दिल्ली में किसको डिलीवर किया जाना था। अगर एक्सप्रेसवे पर पुलिस वाहन से वह टक्कर नहीं होती, तो शायद 10 किलो सोने की यह बड़ी खेप चुपचाप दिल्ली पहुंच जाती और तस्करों का यह नेटवर्क पकड़ा ही नहीं जाता। फिलहाल आयकर विभाग और कस्टम्स को भी सूचित किए जाने की तैयारी है।