Edited By Anil Kapoor,Updated: 22 Aug, 2026 08:41 AM

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक घर के अंदर अचानक बिजली का स्मार्ट मीटर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार की 2 महिलाएं और एक 3 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी....
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक घर के अंदर अचानक बिजली का स्मार्ट मीटर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार की 2 महिलाएं और एक 3 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी का है। जहां पानी की टंकी के पास रहने वाले सुमित अग्रहरी के घर में लगा स्मार्ट मीटर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। मीटर फटने के साथ ही पूरे घर में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग फैल गई। हादसे के समय सुमित घर से बाहर था। पड़ोसियों से खबर मिलते ही जब वे बदहवास हालत में घर पहुंचे, तो अंदर का नजरा देखकर दहल गए। घर में धुएं का गुबार था और परिवार के 3 सदस्य बुरी तरह झुलसे पड़े थे। हादसे में सुमित की पत्नी प्रीति अग्रहरी, 3 साल की बेटी राजवी और छोटे भाई की पत्नी कंचन गंभीर रूप से घायल हुई हैं। कंचन के सिर में भी गहरी चोट आई है।
ये भी पढ़ें:- 'एक को बचाने दूसरा उतरा...' बांदा में कुएं के अंदर 2 किसानों की दर्दनाक मौ/त
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित सुमित का कहना है कि यह हादसा बिजली विभाग की सरासर लापरवाही के कारण हुआ है। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। मामले पर अधिशाषी अभियंता (विद्युत वितरण खंड) अश्वनी कुमार वर्मा ने विभागीय लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच सूचना मिलते ही जेई और कर्मचारियों की टीम मौके पर भेज दी गई थी।
अधिकारी के अनुसार, हादसा स्मार्ट मीटर के फटने से नहीं, बल्कि 132 KV की हाई-टेंशन लाइन में छेड़छाड़ की वजह से हुआ है। उन्होंने बताया कि पीड़ित का घर 132 KV लाइन के बिल्कुल पास बना है। किसी अज्ञात शख्स ने पास ही लगा सहजन का पेड़ काटने की कोशिश की थी। पेड़ की टहनी 132 KV की चालू लाइन से छू गई, जिससे घर में अचानक भारी करंट दौड़ गया और मीटर ध्वस्त हो गया। फिलहाल विभाग पूरे मामले की गहन जांच करा रहा है।