Edited By Ramkesh,Updated: 31 Aug, 2026 01:42 PM

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार पलटने से चार युवकों की मौत हो गई और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार रात 11 बजकर 56 मिनट पर उस समय हुआ जब दिल्ली में...
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार पलटने से चार युवकों की मौत हो गई और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार रात 11 बजकर 56 मिनट पर उस समय हुआ जब दिल्ली में पंजीकृत इस एसयूवी में सवार बदायूं जिले के पांच लोग दिल्ली की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गिरने से पहले पांच से छह बार पलटा। उसने बताया इस हादसे में एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस एवं डायल-112 के कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि इन लोगों को सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पालपुर निवासी जोगिंदर (26), मेवली निवासी सुखबीर (25) और जसवंत (20), तथा पुरदलपुर निवासी रवि (20) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि पालपुर निवासी विष्णु (17) का इलाज जारी है। सिंभावली के थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा, ''हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।