पटाखा फैक्टरी धमाके में अब 11 लोगों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

Edited By Ramkesh,Updated: 31 Aug, 2026 03:24 PM

firecracker factory blast 11 dead five seriously injured

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का...

कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान अब भी जारी है और इस अभियान के दौरान बचाये गये सभी घायलों का तत्काल इलाज कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस विस्फोट में मारे गए लोगों की पहचान प्रियांजलि (5), प्रवीण सिंह (13), जान्हवी (12), आदित्य (12), रवि (8), ज्ञान सिंह (40), आदित्य (8), अंजू (32), विक्रम सरोज (35), अंश (6) और नन्हा (4) के रूप में की गई है।

 उन्होंने कहा कि चूंकि बचाव अभियान जारी है, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 18 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है। विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे।

 एनडीआरफ, एसडीआरएफ, दमकल की गाड़ियां, तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को मनोरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया। दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास हुआ, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गये। पाल ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। पाल ने पहले कहा था, ''पिपरी थाना क्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास एक पटाखा फैक्टरी में धमाके की सूचना मिली । 

पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं।'' अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है और फैक्टरी से सटे पांच-छह घर ढह गए। जिला प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से मनोरी वायु सेना स्टेशन लगभग दो किलोमीटर दूर है तथा बचाव अभियान में कौशांबी और प्रयागराज की वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम जुटी हैं।

 इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए सहायता की भी घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर कहा, "जनपद कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, " इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिये गये हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!