Edited By Purnima Singh,Updated: 16 Feb, 2025 04:06 PM

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के शहर कोतवाली की एक कॉलोनी में शुक्रवार को पलवल से बरात आनी थी। बरात आने से पहले दूल्हा-दुल्हन के बीच फोन पर कुछ ऐसी बात हो गई, जिससे दोनों में विवाद हो गया। दूल्हा-दुल्हन में...
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के शहर कोतवाली की एक कॉलोनी में शुक्रवार को पलवल से बरात आनी थी। बरात आने से पहले दूल्हा-दुल्हन के बीच फोन पर कुछ ऐसी बात हो गई, जिससे दोनों में विवाद हो गया। दूल्हा-दुल्हन में विवाद इतना बढ़ गया कि शादी ही नहीं हो पाई। दूल्हा बरात लेकर नहीं आया।
इस घटना के बाद शनिवार को लड़की पक्ष थाने पहुंचा। पुलिस ने मौके पर लड़का पक्ष को भी बुला लिया। काफी देर तक समझाने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। दोनों पक्षों में आपस में एक-दूसरे को दिए सामान को लौटाने की शर्त पर समझौता हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मामले को रफा-दफा किया।
इस मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर ने जानकारी दी कि जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की युवती का रिश्ता पलवल के बांसवा निवासी युवक से तय हुआ था। 14 फरवरी को दोनों सात फेरे लेने वाले थे। दोनों घरों में शादी की तैयारी अंतिम चरण पर थी। शादी के लिए दूल्हा भी तैयार हो गया था। बरात बस निकलने ही वाली थी कि इसी बीच दूल्हा और दुल्हन में किसी बात को लेकर फोन पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने शादी करने से मना कर दिया।