अखिलेश ने युवाओं को लैपटाप देने का भाजपा का वादा याद दिलाया

Edited By PTI News Agency,Updated: 01 Jul, 2022 04:32 PM

pti uttar pradesh story

लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की हार के बाद शुक्रवार को पहली बार मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को युवाओं को लैपटाप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया। हालांकि, अखिलेश ने...

लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की हार के बाद शुक्रवार को पहली बार मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को युवाओं को लैपटाप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया। हालांकि, अखिलेश ने राजनीतिक टिप्पणी करने से पूरी तरह से परहेज किया।

राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन दो सीट पर पार्टी की हार को लेकर पूछे गए सवालों को टालते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “आज की पत्रकारवार्ता केवल बच्चों को बधाई देने और लैपटाप को लेकर है।”
भाजपा ने हाल ही में हुए लोकसभा उपचुनावों में आजमगढ़ और रामपुर सीट सपा से छीन ली। विधानसभा चुनावों में विधायक चुने जाने के बाद जहां आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव ने खाली की थी, वहीं रामपुर सीट से आजम खान ने इस्तीफा दिया था।

रविवार को इन दो सीट पर चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद यादव और उनकी पार्टी ने बयानों और ट्वीट के माध्यम से सरकारी मशीनरी का उपयोग कर चुनाव जीतने का आरोप भाजपा पर लगाया था।

अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर मेधावी विद्यार्थियों को लैपटाप बांटने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम सत्ता में नहीं है, इसलिए कुछ ही बच्चों को लैपटाप दिया गया है। और ये लैपटाप इसलिए दिये गये ताकि इस सरकार को युवाओं को लैपटाप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया जा सके।”
यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए निःशुल्क लैपटाप वितरण योजना शुरू की थी और 10वीं एवं 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को लैपटाप बांटे गए थे।
तत्कालीन सरकार द्वारा वर्ष 2012 और वर्ष 2016 के बीच 16 लाख से अधिक लैपटाप बांटे गए थे। यादव ने दावा किया कि भाजपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा, “इस सरकार ने वर्ष 2017 में वादा किया था कि वह युवाओं को लैपटाप देगी और इस बार (2022) भी इसने वादा किया है कि वह लैपटाप देगी।”
इससे पूर्व उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा पास करने वाला व्यक्ति कभी सफल नहीं होता।

सपा प्रमुख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपने जन्मदिन नहीं मनाते। जो लोग जन्मदिन मनाते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उनका एक साल कम हो जाता है। सपा प्रमुख आज 48 वर्ष के हो गए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 शीर्षक से जारी चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के तहत दो करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाएंगे।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। बसपा प्रमुख मायावती और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी यादव को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!