Edited By Umakant yadav,Updated: 28 Feb, 2021 05:19 PM
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला क्षेत्र ड्यूटी पर कुशीनगर से आये 28 वर्षीय सिपाही संदीप कुमार की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। मूल रूप से वह बस्ती जिला का निवासी और कुशीनगर जिले में तैनाती थी।
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला क्षेत्र डयूटी पर कुशीनगर से आये सिपाही की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूलरूप से बस्ती जिला निवासी 28 वर्षीय संदीप कुमार की कुशीनगर जिले में तैनाती थी। उसकी डयूटी प्रयागराज माघ मेला में लगी थी।
उन्होंने बताया कि संदीप शनिवार रात बाइक पर सवार होकर ड्यूटी जा रहा था। दारागंज इलाके में बक्शीबांध के निकट बांस लदे मैजिक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल संदीप को तत्काल स्वरूपरानी अस्पताल ले गयी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।