Edited By Ramkesh,Updated: 23 Oct, 2026 07:10 PM

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगा। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष पटेल ने यहां उत्तर प्रदेश विधान परिषद...
मिर्जापुर: केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगा। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष पटेल ने यहां उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में मतदान करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ''वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कोई संदेह नहीं है।
राजग लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर जीत की हैट्रिक लगाएगा। हमें जनता का पूरा आशीर्वाद और प्यार मिलेगा।'' राजग के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन के दल आपसी बातचीत के जरिए सीटों का बंटवारा करेंगे। पटेल ने कहा, ''हम जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारेंगे और ऐसे लोगों का चयन करेंगे, जिनके जीतने की संभावना हो।'' पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने का काम चल रहा है।
अपनी जनसभाओं में उमड़ने वाली भीड़ के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''लोगों में उत्साह है। वे खुद आते हैं। हम किसी को कोई प्रलोभन नहीं देते, फिर भी बड़ी संख्या में लोग सभाओं में पहुंच रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''हम कह सकते हैं कि लोगों को राजग सरकार पर भरोसा है और माहौल सकारात्मक है।